देश में स्वाइन फ्लू का टीकाकरण अगले सप्ताह शुरू होगा
नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। देश में स्वाइन फ्लू का टीकाकरण अगले सप्ताह से शुरू होने की प्रबल संभावना है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सचिव (स्वास्थ्य अनुसंधान) वी.एम. कटोच ने आईएएनएस को बताया, "प्रबल संभावना है कि हम अगले सप्ताह से टीकाकरण शुरू कर देंगे।"
कटोच ने कहा कि वैश्विक फार्मा कंपनी सैनोफी पैस्चर ने पहले टीके के अध्ययन का काम पूरा कर लिया है और इसके आंकड़ों को विश्लेषण के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय को सौंप दिया है।
सैनोफी पैस्चर कंपनी से पहले ही स्वाइन फ्लू के टीके की 15 लाख खुराक खरीदे जा चुके हैं। लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने इस कंपनी को भारत में इस दवा का परीक्षण कराने के लिए कहा था।
उल्लेखनीय है कि देश में स्वाइन फ्लू का पहला मामला मई, 2009 में सामने आया था जिसके बाद स्वाइन फ्लू की वजह से 1,300 से अधिक लोगों की मौत हो गई जबकि 30,000 से अधिक लोग इस वायरस से प्रभावित हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications