आतंकवाद से ज्यादा खतरनाक है साइबर हमला : अध्ययन
बेंगलुरू, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय कंपनियां आतंकवाद और प्राकृतिक आपदाओं से ज्यादा साइबर हमलों को लेकर चिंतित हैं।
दुनियाभर में सुरक्षा समाधान मुहैया कराने वाली कंपनी सिनमैटिक द्वारा जनवरी में किए गए एक अध्ययन से खुलासा हुआ है कि वर्ष 2009 में हैकरों की वजह से भारतीय कंपनियों को औसतन 58 लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
सिनमैटिक इंडिया के प्रबंध निदेशक विशाल धुपड़ ने आईएएनएस से कहा, "भारतीय कंपनियों के लिए सुरक्षा एक बड़ी चिंता है क्योंकि आतंकवाद, प्राकृतिक आपदा और अन्य अपराधों की तुलना में साइबर हमलों से ज्यादा खतरा है।"
सर्वेक्षण में शामिल 66 फीसदी भारतीय कंपनियां पिछले साल बाह्य और आंतरिक स्रोतों से साइबर हमलों का शिकार बनीं।
उन्होंने कहा, "कर्मचारियों की कमी और नई आईटी गतिविधियों के चलते आज के दौर में कंपनियों की सुरक्षा और महत्वपूर्ण सूचनाओं की चोरी बचाना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।"
उन्होंने कहा, "इस तरह के प्रत्येक हमले से कंपनियों का न सिर्फ वित्तीय नुकसान होता है बल्कि उसकी छवि भी खराब होती है। करीब 90 फीसदी कंपनियों को ऐसे हमलों से बचने और नियमों का पालन करने के लिए कीमत चुकानी पड़ती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications