राज्यसभा में महिला आरक्षण विधेयक पेश, दोनों सदनों में हंगामा जारी (लीड-3)
दो बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई, सभापति हामिद अंसारी ने महिला विधेयक पेश करने के लिए मोइली का नाम पुकारा। इसके बाद मोइली ने भारी विरोध और हंगामे के बीच ही विधेयक को सदन में पेश कर दिया।
विधेयक पेश होने के दौरान सपा और राजद सदस्य सभापति के आसन के समीप पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सदस्यों ने अंसारी से उन कागजों की प्रतियां छीनने की कोशिश की, जो वह पढ़ रहे थे। हंगामे और विरोध की वजह से विधेयक पर बहस नहीं हो सकी। भारी शोरगुल के बीच सदन की कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित कर दी गई।
तीन बजे जब सदन की कार्यवाही आरंभ हुई उस वक्त भी विरोध का वही नजारा था, जो सुबह से चला आ रहा था। इसके मद्देनजर सदन की कार्यवाही चार बजे तक स्थगित कर दी गई।
उधर, तीन बार के स्थगन के बाद तीन बजे जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई वैसे ही सपा नेता मुलायम सिंह यादव और राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद अपने सहयोगी सदस्यों के साथ नारेबाजी करते हुए लोकसभा अध्यक्ष के आसन के समीप पहुंच गए। इसके बाद जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव के नेतृत्व में जदयू सदस्य भी उनके साथ नारेबाजी करने लगे।
इस दौरान बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सदस्य भी विधेयक का विरोध कर रहे थे।
लोकसभा में सपा, बसपा और राजद के सदस्यों के महिला आरक्षण विधेयक के विरोध में हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे, फिर दो बजे उसके बाद तीन बजे और फिर चार बजे तक स्थगित कर दी गई।
इससे पहले, महिला आरक्षण विधेयक को लेकर एक मौके पर मुलायम सिंह यादव और वित्त मंत्री तथा सदन के नेता प्रणब मुखर्जी के बीच तीखी नोंकझोंक तक हुई। मुखर्जी ने हाथ जोड़कर मुलायम से गतिरोध बंद करने का आग्रह भी किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications