ईंधन मूल्य वृद्धि पर कई राज्यों में प्रदर्शन, कांग्रेस कोर समूह की बैठक (राउंडअप)

नई दिल्ली, 2 मार्च (आईएएनएस)। पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि के विरोध में मंगलवार को जहां केरल, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश में जोरदार विरोध प्रदर्शन और बंद आयोजित किए गए, वहीं इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए शाम को नई दिल्ली में कांग्रेस कोर समूह की बैठक हुई। कुल मिला कर स्थिति ऐसी बनी है कि बुधवार का दिन संसद के लिए हंगामे वाला दिन हो सकता है। विपक्ष इस मसले पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

जहां विपक्षी सांसद बुधवार को संसद में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी में हैं, वहीं संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में शामिल तृणमूल कांग्रेस और डीएमके इस वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात करने की योजना बना रही हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने यहां मंगलवार की शाम को आयोजित कांग्रेस कोर समूह की बैठक में हिस्सा लिया।

सूत्रों ने संकेत किया कि बैठक में मूल्य वृद्धि को वापस लेने का कोई निर्णय नहीं लिया गया। बैठक में हिस्सा लेने के बाद कोई भी नेता पत्रकारों से बातचीत के मूड में नहीं था।

मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वाम दलों ने बुधवार सुबह ही अपनी अलग-अलग बैठकें बुलाई हैं। इन बैठकों में आगे की रणनीति तय की जाएगी। विपक्षी नेताओं का कहना है कि बजट में पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में की गई वृद्धि के मसले को सबसे पहले उठाया जाएगा।

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से कहा, "कीमतों में वृद्धि के मसले पर भाजपा आक्रामक रहेगी। इस मुद्दे पर चर्चा होना ठीक है, लेकिन इसका समाधान भी निकलना चाहिए।" उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आम लोगों से जुड़े इस मुद्दे को सबसे पहले उठाएगी।

वैसे इस मसले पर विपक्ष की एकजुटता आम बजट के दिन ही दिख गई थी। केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने जैसे ही पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में इजाफे का ऐलान किया था तो समूचे विपक्ष ने एक साथ सदन से बहिर्गमन किया था। संसदीय इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था।

वाम दलों के नेता बुधवार सुबह समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) एवं कुछ अन्य 'धर्मनिरपेक्ष' दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों हुई वृद्धि पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।

मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता बासुदेव आचार्य ने आईएएनएस को बताया कि तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) और बीजू जनता दल (बीजद) को भी इस बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

उधर, कांग्रेस का कहना है कि इस मसले पर सरकार सहयोगी दलों की चिंताओं का निवारण करने में सफल रहेगी। पार्टी प्रवक्ता शकील अहमद ने कहा कि लोकतंत्र में विभिन्न मतों का होना असामान्य बात नहीं है और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के सहयोगियों के मतभेदों को दूर कर लिया जाएगा।

उधर त्रिपुरा में मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से संबंधित संगठनों ने मंगलवार को एकदिवसीय राज्यव्यापी बंद का आयोजन किया।

सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) ने इस बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बंद की वजह से आम जनजीवन मंगलवार को बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

सीटू की त्रिपुरा ईकाई के महासचिव पीयूष नाग ने कहा कि वाम दलों की मांगों को दरकिनार कर पेट्रोल व डीजल की कीमतों में वृद्धि की गई। इससे आम आदमी पर और बोझ बढ़ेगा। आम आदमी पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है।

केरल में भी वाम दलों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बंद का आयोजन किया। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

इस बंद को व्यापार संगठनों और कारोबारियों का भी समर्थन मिला है। बंद की वजह से दुकानें बंद रहीं। राज्य में निजी वाहन ही सड़कों पर दिखे। रेलवे स्टेशनों के बाहर लोग बड़ी संख्या में गाड़ियों का इंतजार करते देखे गए। सरकारी दफ्तरों में उपस्थिति बहुत कम रही।

राज्य शिक्षा विभाग और राज्य लोक सेवा आयोग ने मंगलवार को होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

आंध्र प्रदेश में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन आयोजित किया।

विपक्षी नेता एन.चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में तेदेपा विधायकों ने विधानसभा तक साइकिल और बैलगाड़ी की सवारी की।

नायडू ने संवाददाताओं से कहा, "ईंधन कीमतों में वृद्धि का बोझ आम आदमी पर पड़ा है। हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि वह इस वृद्धि को तत्काल वापस ले।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+