शिमला में दो तेंदुओं ने मचाया उत्पात
तेंदुओं को दो घंटे के खोज अभियान के बाद पकड़ा जा सका।
मुख्य वन संरक्षक संजीव पांडेय ने आईएएनएस को बताया, "तुतिकांडी में स्थित वन्यजीव बचाव एवं पुर्नवास केंद्र से शनिवार सुबह दो मादा तेंदुए बाहर निकल गए थे।"
उन्होंने बताया, "दो घंटे से अधिक तक चले खोज अभियान के बाद बचाव केंद्र के पास झाड़ियों में उनके होने का पता चला।"
पांडेय ने कहा, "उनमें से एक को आसानी से बेहोश कर पकड़ लिया गया। बेहोशी की सुई देने के दौरान दूसरे 15 वर्षीय तेंदुए ने केंद्र के संरक्षक को जख्मी कर दिया। दो लोगों सहित पशु शल्य चिकित्सिक संदीप रतन भी घायल हो गए।"
रतन के अनुसार किसी ने तेंदुए के पिंजरे का ताला खोल दिया था, जिससे दोनों बाहर आ गए थे।
रतन ने बताया, "पिंजरे में तीन तेंदुए एक साथ रहते हैं। किसी ने उसका ताला खोल दिया था। जिससे दो बाहर आ गए थे, जबकि तीसरा अंदर ही मौजूद था।"
पांडेय ने बताया, "पुलिस मामले की जांच कर रही है। हम इसे लेकर चिंतित थे कि तेंदुए कहीं अनाथालय के बच्चों को नुकसान न पहुंचाएं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।