लोगों को समर्पित है रेल बजट: ममता
रेल मंत्री ममता बनर्जी बुधवार को संसद में रेल बजट पेश करेंगी.
आगामी वित्त वर्ष के लिए पेश किए जाने वाले रेल बजट में यात्री किराए में अधिक बदलाव की उम्मीद कम है.
बढ़ती महंगाई से जूझ रहे लोगों को रेल मंत्री कुछ अतिरिक्त ट्रेनों और नई योजनाओं का तोहफा दे सकती हैं.
लेकिन राजस्व संग्रह में सुधार के लिए मालभाड़े को तर्कसंगत बनाए जाने की संभावना दिख रही है.
रेलवे बोर्ड के पूर्व चेयरमैन आईआईएमएस राना को लगता है कि ममता बनर्जी एक आम आदमी का रेल बजट पेश करने कि कोशिश करेंगी.
रेल बजट पेश करने से एक दिन पहले ममता बनर्जी ने सोमवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाक़ात की.
मनमोहन से मुलाक़ात
इससे पहले रेल मंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ये बजट आम आदमी को समर्पित है.
उन्होंने कहा कि यह जनता को समर्पित है क्योंकि आम आदमी हमारी संपत्ति और ताकत है.
वर्ष 2010-11 के रेल बजट को अंतिम रूप देने के अवसर पर परंपरागत फोटो सत्र के दौरान उन्होंने बजट प्रस्तावों के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा कि सब कुछ जानने के लिए बुधवार तक का इंतज़ार कीजिए. माना जा रहा है कि यूपीए सरकार का दूसरा रेल बजट पेश करते हुए ममता बनर्जी अगले एक दशक की योजना ‘विजन-2020’ को स्पष्ट करेंगी.
ममता बनर्जी ने संसद के शीतकालीन सत्र में अपने मंत्रालय का ‘विजन-2020’ दस्तावेज़ पेश किया था.
उन्होंने श्वेत पत्र के जरिए रेलवे की मौजूदा स्थिति को भी स्पष्ट किया था.












Click it and Unblock the Notifications