चीन ने नेपाली नेताओं को तिब्बति मठ के समारोह में शामिल होने से रोका
काठमांडू, 23 फरवरी (आईएएनएस)। तिब्बत के धर्मगुरु दलाई लामा की अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात को रोकने में विफल चीन नेपाल के शीर्ष राजनेताओं को एक तिब्बति भिक्षु के जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होने से रोकने में सफल हो गया है।
नेपाल के राष्ट्रपति रामबरन यादव, विदेश मंत्री सुजाता कोइराला और संस्कृति मंत्री महेंद्र रिजाल को काठमांडू के एक तिब्बति मठ में एक भिक्षु के जन्म शताब्दी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला था। बहरहाल चीन के दबाव में इन लोगों ने तिब्बति मठ के समारोह में नहीं जाना ही बेहतर समझा।
तिब्बति मठ में तिब्बति बौद्ध धर्म के प्रसिद्ध विद्वान दिल्गो खयेनत्से के जन्म के 100 वर्ष पूरे होने पर समारोह का आयोजन हुआ था। वह तिब्बत बौद्ध धर्म के एक प्रचीन संप्रदाय निंगमा संप्रदाय के नेता थे।
चीनी सेनाओं ने पूर्वी तिब्बत में उनके मठ को तबाह कर दिया था और भिक्षु को भागकर नेपाल में शरण लेना पड़ा। बाद में उन्होंने नेपाल में संप्रदाय का नया मठ बनवाया। उनका निधन वर्ष 1991 में हुआ।
चीनी दूतावास ने रविवार को नेपाल के विदेश मंत्री से इस निमंत्रण पर अपनी गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि इस निमंत्रण को स्वीकार किया गया तो यह 'एक चीन' की नीति के प्रति नेपाल की प्रतिबद्धता का उल्लंघन होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications