तिहाड़ में लगी विशेष अदालत, 18 मामलों का निपटारा
नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। देश के सबसे बड़े कारागार तिहाड़ जेल में शनिवार को लगी विशेष अदालत में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने जेल के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में 18 कैदियों के मामलों का निपटारा किया।
जेल प्रशासन के मुताबिक हर महीने किसी एक शनिवार को लगने वाली विशेष अदालत में कैदियों के मामूली मामलों का निपटारा किया जाता है। इस बार इस अदालत में 25 मामले पेश किए गए जिनमें से 18 मामलों का निपटारा मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अंशु गर्ग ने किया। इस अदालत में उन कैदियों के मामलों का निपटारा किया जाता है जो भविष्य में अपराध न करने की शपथ लेते हैं।
जेल के प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने आईएएनएस को बताया, "जेल के अंदर महीने में एक बार लगने वाली इस विशेष अदालत में इस बार 18 कैदियों के मामलों का निपटारा किया गया।"
उल्लेखनीय है कि तिहाड़ जेल में वर्ष 2005 से ही विशेष अदालत लग रही है और अब तक 4,500 से अधिक कैदियों के मामलों का निपटारा किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications