पाकिस्तान में 30 आतंकी ढेर
इस्लामाबाद, 20 फरवरी (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की सीमा से सटे पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर कबायली इलाके में शनिवार को एक हवाई हमले में करीब 30 आतंकवादी मारे गए।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने कहा कि यह हमला दक्षिणी वजीरिस्तान इलाके में हुआ। तालिबान का गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में पिछले साल अक्टूबर में सेना ने आतंकवादियों को खत्म करने का अभियान शुरू किया था।
सेना के मुताबिक, सुदूर शावल पहाड़ियों पर आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना के बाद यहां हवाई हमला किया गया, जिसमें 30 आतंकवादी मारे गए।
अफगानिस्तान में अमेरिका की अगुवाई में लड़ रही पश्चिमी सेना का आरोप है कि आतंकवादी इस इलाके का इस्तेमाल अपने लड़ाकों को प्रशिक्षित करने और उनके खिलाफ अभियान चलाने के लिए करते हैं। इस इलाके को निशाना बनाते हुए अमेरिकी सेना भी यहां ड्रोन हमले कर रही है।
इस इलाके में आतंकवाद को खत्म करने के लिए पाकिस्तानी सेना के प्रयासों को अपेक्षित सफलता नहीं मिल पा रही है। पाकिस्तानी सेना ने दक्षिणी वजीरिस्तान में अभियान चलाया लेकिन आतंकवादी उत्तरी वजीरिस्तान और शावल घाटी जैसे इलाकों तक पहुंच गए।
विश्लेषकों का मानना है कि अफगानिस्तान में नाटो सेना की सफलता बहुत कुछ पाकिस्तान के कबायली इलाकों में आतंकवादियों के सफाए पर निर्भर करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications