सीएन पर मार-पीट का आरोप
लास एंजेलिस, 20 फरवरी (आईएएनएस)। ऑस्कर से सम्मानित अभिनेता सीएन पेन पर मार-पीट और गुंडागर्दी का आरोप तय किया गया है। चार महीने पहले एक स्वतंत्र फोटोग्राफर के साथ हाथपाई करने के मामले में उन पर यह आरोप लगाया गया है।
लास एंजेलिस सिटी एटॉर्नी कार्यालय के प्रवक्ता फ्रैंक मैटलिजैन के मुताबिक पेन पर दो आरोप तय किए गए हैं। इनमें से एक मार-पीट और दूसरा गुंडागर्दी का आरोप है।
मैटलिजैन ने बताया कि यदि आरोप साबित हो जाता है तो पेन को 18 महीने की जेल की सजा होगी।
यह हाथापाई तब हुई थी जब ब्रेंटवुड में फोटोग्राफरों का एक समूह 49 वर्षीय अभिनेता-निर्देशक की तस्वीरें लेने की कोशिश कर रहा था। पेन को 'मिस्टिक रिवर' और 'मिल्क' के लिए ऑस्कर पुरस्कार मिल चुका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पेन ने एक फोटोग्राफर पर हमला कर उसका कैमरा तोड़ दिया था।
इस घटना को एक अन्य फोटोग्राफर ने अपने कैमरे में कैद कर लिया था। समाचार पत्र 'लास एंजेलिस टाइम्स' के मुताबिक वीडियोटेप देखने के बाद अदालत ने पेन पर आरोप तय करने का निर्णय लिया था।
फोटोग्राफर जॉर्ड डेव्स ने पिछले साल दो अक्टूबर को अभिनेता के खिलाफ एक पुलिस रिपोर्ट लिखवाई थी।
पॉप गायिका मैडोना के पूर्व पति पेन को 1987 में एक फिल्म के सेट पर एक फोटोग्राफर पर हमला करने के लिए 33 दिन की जेल की सजा हो चुकी है। मैडोना से विवाह के दौरान उन पर अपराध और घरेलू हिंसा के भी आरोप लगे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications