ओबामा-दलाई लामा मुलाक़ात

ओबामा से मुलाक़ात के बाद दलाई लामा ने कहा कि वे इस बैठक के बाद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि ओबामा के साथ बातचीत में शांति और धार्मिक सहिष्णुता का मुद्दा उठा. दलाई लामा ने अमरीका की सराहना की और उसे लोकतंत्र, स्वतंत्रता और मानवीय मूल्यों का हिमायती कहा.
दलाई लामा और बराक ओबामा की मुलाक़ात ऐसे समय हुई है, जब इंटरनेट सेंसरशिप और ताइवान को हथियारों की बिक्री को लेकर अमरीका और चीन में तनाव है.
आलोचना
बीबीसी के उत्तरी अमरीकी संपादक मार्क मार्डेल का कहना है कि ये बहुत हाई प्रोफ़ाइल बैठक नहीं थी, जो एक घंटे से भी कम समय तक चली. चीन ने बराक ओबामा और दलाई लामा के बीच हुई मुलाक़ात की आलोचना की है.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मा ज़ाओशू ने एक बयान में कहा है कि ओबामा और दलाई लामा की मुलाक़ात अमरीकी सरकार के उस रुख़ के ख़िलाफ़ है, जिसमें उसने बार-बार यह स्वीकार किया है कि तिब्बत चीन का हिस्सा है और अमरीका तिब्बत की आज़ादी का समर्थन नहीं करता. बयान में कहा गया है- चीन इस मुलाक़ात पर अपना असंतोष व्यक्त करता है.












Click it and Unblock the Notifications