जहरीली शराब पीने से वाराणसी में 5 लोगों की मौत
वाराणसी के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बुधवार को वहां संवाददाताओं को बताया कि कैंट इलाके के सैदपुर गांव की राजभर बस्ती में जहरीली शराब का सेवन करने से पांच लोगों की मौत हो गई। शराब पीने से बीमार 16 लोगों का दीनदयाल अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनमें से कुछ की हालत गम्भीर है। अधिकारियों के मुताबिक मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इसी बस्ती में एक व्यक्ति कच्ची शराब बनाकर बेचने का काम करता था। वहीं से खरीदकर बड़ी संख्या में बस्ती के लोगों ने शराब का सेवन किया।
उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है वह फिलहाल फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शराब के कुछ पाउच बरामद किए गए हैं, इनको जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि कच्ची शराब में मिथाइल एल्कोहल की मिलावट के कारण ग्रामीणों की मौतें हुईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications