अमेरिका की ईरान पर और कड़े प्रतिबंधों की तैयारी
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के अनुसार, फॉक्स समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेम्स जोंस ने कहा कि फरवरी के अंत तक इन प्रतिबंधों को लागू किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रतिबंध लगाने के लिए सुरक्षा परिषद के स्थाई सदस्यों से हम समर्थन प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और चीन से भी समर्थन प्राप्त हो जाने की उम्मीद है।
जोंस ने कहा कि चीन वैश्विक स्तर पर अपने आपको एक जिम्मेदार राष्ट्र के रूप में प्रदर्शित करना चाहता है, इसलिए इस मुद्दे पर उससे समर्थन मिल जाने की उम्मीद है।
पिछले सप्ताह ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा था कि उनका देश उस स्तर तक यूरोनियम संवर्धित करने की क्षमता रखता है, जितना पश्चिमी विशेषज्ञ परमाणु हथियार बनाने के लिए जरूरी मानते हैं।
जोंस ने कहा कि कड़े प्रतिबंध ईरान में सत्ता परिवर्तन का रास्ता खोल सकते हैं।
पिछले दिनों अमेरिका, जर्मनी और सुरक्षा परिषद में वीटो शक्ति रखने वाले ब्रिटेन, फ्रांस, रूस और चीन ने ईरान के साथ कम संवर्धित यूरेनियम के कारोबार का प्रस्ताव रखा था, जिसका उपयोग वह शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए कर सकता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications