करजई ने तालिबानियों से आत्मसमर्पण के लिए कहा
काबुल, 13 फरवरी (आईएएनएस)। तालिबानियों के मुख्य गढ़ में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और अफगानी सेना का अभियान शुरू होने के बाद अफगानिस्तान के राष्ट्रपति ने हामिद करजई ने आतंकवादियों से आत्मसमर्पण करने को कहा है।
दक्षिणी हेलमंद प्रांत के माजरा कस्बे में करीब सात हजार अमेरिकी मरीन और अफगानी सैनिक धावा बोल चुके हैं, जबकि मध्य हेलमंद प्रांत के नाद अली जिले में ब्रिटिश सैनिकों समेत हजारों सैनिक दाखिल हो चुके हैं।
समाचार एजेंसी 'डीपीए' के अनुसार, करजई ने आतंकवादियों से अपील की कि राष्ट्रहित में वे लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर आम अफगानियों की तरह समाज की मुख्यधारा में शामिल हो जाएं।
नाटो के अधिकारी के मुताबिक, यह अभियान इस इलाके को आतंकवादियों से मुक्त कराने या उन्हें आत्मसमर्पण पर मजबूर करने के लिए चलाया जा रहा है।
हेलमंद के गवर्नर के प्रवक्ता दाउद अहमदी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने पांच तालिबानियों को मार गिराया है और आठ घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि शुरुआती घंटों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई की गति काफी तेज रही, लेकिन मुख्य कस्बे की सड़कों पर बारूदी सुरंगे बिछी होने की वजह से प्रगति धीमी रही।
करजई ने अफगान और नाटो सेना से भी कहा है कि कार्रवाई के दौरान इस बात का ख्याल रखा जाए कि आम नागरिकों को कोई नुकसान न पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications