अफगानिस्तान में सैन्य अभियान में 5 आतंकवादी ढेर (लीड-2)
शनिवार तड़के दर्जनों हेलीकॉप्टरों ने अफीम की अवैध खेती के केंद्र और तालिबानियों के गढ़ माजरा कस्बे में सैनिकों को उतारकर अभियान की शुरुआत की।
अफगानी सेना के 205 कोर के कमांडर शेर मोहम्मद जाजई ने कहा, "शुरुआती रपटों के अनुसार पांच आतंकवादी मारे गए हैं। दो आतंकवादी एक जगह मारे गए, जबकि तीन को अलग-अलग जगह मार गिराया गया। सभी आतंकवादी आमने-सामने की लड़ाई में मारे गए।"
इस सैन्य अभियान का नाम मोश्तार्क है, जिसका अर्थ होता है एक साथ। यह अभियान संयुक्त राष्ट्र के अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा सहायता बल (आईएसएएफ) के तहत शुरू किया गया है।
आईएसएएफ के अनुसार, अभियान में 15 हजार से ज्यादा सैनिक शामिल हैं। अक्टूबर 2001 में अमेरिका की अगुवाई में गठबंधन सेना द्वारा अफगानिस्तान में शुरू की गई लड़ाई के बाद यह सबसे बड़ा सैन्य अभियान है।
हाल के बरसों में तालिबानियों के प्रभाव में वृद्धि को देखते हुए दिसंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अफगानिस्तान में अतिरिक्त 30 हजार सैनिक भेजकर यहां अमेरिकी सैनिकों की संख्या 98 हजार तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जाहिर की थी।
दूसरे नाटो देशों ने भी करीब 30 हजार सैनिक बढ़ाए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा सैनिकों की संख्या बढ़ाने की घोषणा के बाद अभी पांच हजार अतिरिक्त सैनिकों को भेजने की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications