तृणमूल कांग्रेस की मणिपुर इकाई गठित
इम्फाल, 13 फरवरी (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर के राज्यों में अपनी पैठ जमाने की कोशिशों के तहत तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष व रेल मंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को पार्टी की मणिपुर इकाई गठित की।
बनर्जी ने मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री आर.के.दोरेन्द्रो सिंह और पूर्व सांसद किम गांग्टे को मणिपुर में पार्टी का संयुक्त संयोजक नियुक्त किया है।
गांग्टे ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "प्रदेश समिति का गठन अगले छह महीने के भीतर कर लिया जाएगा।"
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेता मणिपुर से जुड़े मुद्दे संसद में उठाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष टी.टी. हाओकिप सहित कई दिग्गज नेता और पेशेवर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस पूर्वोत्तर के राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरों में भी अपनी इकाइयां स्थापित कर चुकी है। गत वर्ष अरुणाचल विधानसभा के चुनाव में उसे पांच सीटों पर जीत हासिल हुई थी। तृणमूल कांग्रेस अरुणाचल की प्रमुख विपक्षी पार्टी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications