शाहरुख से खुश हुए बर्लिन के प्रशंसक
बर्लिन, 13 फरवरी (आईएएनएस)। बर्लिन में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के प्रशंसकों की खुशी का उस वक्त ठिकाना नहीं रहा जब अपनी फिल्म 'माई नेम इज खान' के प्रीमियर के लिए पहुंचे शाहरुख ने शुक्रवार रात बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह के आयोजकों की तारीफ की और प्रशंसकों को ऑटोग्राफ दिए।
प्रीमियर के अवसर पर शाहरुख ने कहा, "ब्रिटेन या मध्य एशिया का सिनेमा और दर्शक भारतीय सिनेमा के कुछ नजदीक होते हैं। मैं बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के निदेशक डीटर कोसलिक और डोरोथी वीनर को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने प्रदर्शन के लिए मेरी फिल्म 'माई नेम इज खान' को चुना। जर्मनी ने वास्तव में हमारे लिए पश्चिमी सिनेमा का द्वार खोला है।"
भारत और विदेशों में प्रशंसकों से घिरे रहने वाले अभिनेता ने कहा कि वह जर्मनी के प्रशंसकों की नम्रता देखकर आश्चर्यचकित हैं।
शाहरुख ने कहा, "जर्मनी के प्रशंसकों के संबंध में सबसे अद्भुत बात यह है कि वे बहुत नम्र हैं। ज्यादातर प्रशंसक आक्रामक होते हैं लेकिन यहां उनके प्यार में कोमलता और नम्रता है। एक लड़की ने मुझसे ऑटोग्राफ देने के लिए कहा और जब मैंने उससे कहा कि मुझे प्रेस वार्ता के लिए देर हो रही है तो उसने तुरंत अपना हाथ पीछे कर दिया। मैं उन्हें प्रशंसक नहीं कहूंगा क्योंकि वे केवल एक तरफा होते हैं और मैं उन्हें परिवार की तरह प्यार करता हूं।"
शाहरुख ने स्वीकार किया कि जर्मनी के एक प्रशंसक ने कहा था कि 'माई नेम इज खान' बहुत सरल फिल्म है। शाहरुख कहते हैं कि यही फिल्म का बेहद खूबसूरत हिस्सा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications