पटना में प्रदर्शनकारी छात्र की गोली लगने से मौत

इस दौरान प्रदर्शन कर रहे एक छात्र की गोली लगने से मौत हो गई। ज्ञात हो कि खेतान मार्केट के पास प्रदर्शनकारियों पर गोली चलने से उक्त छात्र घायल हो गया था जिसे इलाज के लिए पटना मेडिकल अस्पताल ले जाया गया था। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गुस्सा काबू में नहीं रहा
पुलिस के अनुसार आक्रोशित छात्रों ने मंगलवार को करीब 12 से ज्यादा कोचिंग संस्थानों पर धावा बोल दिया। छात्रों को तितर बितर करने के लिए पुलिस को लाठी चलानी पड़ी तथा आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक के मुताबिक छात्रों द्वारा पुलिस पर किए गए पथराव में कुछ पुलिस के जवान भी घायल हो गए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छात्र की मृत्यु पर शोक जताते हुए तत्काल डेढ़ लाख रुपए देने की घोषणा की है। उन्होंने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि उनकी शिकायतों की जांच करवाई जाएगी तथा जल्द ही राज्य में कोचिंग संचालकों के लिए कानून बनाया जाएगा।
मामले की जांच होगी
प्रदर्शनकारी छात्रों ने कम से कम एक दर्जन वाहनों में आग लगा दी। इसमें पुलिस वाहन भी शामिल है। आग पर काबू पाने आये दमकल के एक वाहन में भी छात्रों ने आग लगा दिया।
पटना के जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार ने प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलकर पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जांच के लिए एक समिति बनाई जाएगी तथा जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कारवाई की जायेगी।
पटना के अधिकतर कोचिंग संस्थान वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि छात्रों का एक वर्ग सोमवार को शाम से ही कोचिंग संस्थानों की मनमानी के विरोध में सड़क पर उतर आया था और कई कोचिंग संस्थानों में तोड़फोड़ की थी। ज्ञात हो कि पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में सात दर्जन से ज्यादा कोचिंग संस्थान हैं।












Click it and Unblock the Notifications