सौंदर्य प्रतियोगिता विरोधी बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक गनजाम जिले के बरहामपुर कस्बे में रविवार रात आयोजित सौंदर्य प्रतियोगिता के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पोस्टरों में आग लगा दी और मंच को क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में आयोजकों को यह प्रतियोगिता स्थगित करनी पड़ी। हालांकि बजरंग दल ने इस दौरान हुए हिंसक प्रदर्शन में शामिल होने से इंकार किया है।
इस प्रतियोगिता के एक आयोजनकर्ता गुलाम रसूल ने कहा, "मिस बरहामपुर नाम से इस सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन रविवार रात को किया गया था और इसके शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही इस स्थान पर हिंसक प्रदर्शन हुए। हमने प्रदर्शन के कारण इस प्रतियोगिता को स्थगित कर दिया।"
जिले के एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "आयोजकों की तरफ से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने अपनी तरफ से हिंसक प्रदर्शन में कथित तौर पर शामिल दर्जनों लोगों पर मामला दर्ज किया है।"
वहीं दूसरी तरफ बजरंग दल के एक नेता रमाकांत राठ ने इस दौरान हुई हिंसक वारदात में दल के सदस्यों के शामिल होने से इंकार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications