इराक़ में चुनाव प्रचार टला

इराक़ में एक उम्मीदवार को लेकर चल रहे विवाद के बीच संसदीय चुनाव के लिए प्रचार कुछ दिनों के लिए टाल दिया गया है.
इराक़ी चुनाव आयोग ने यह घोषणा की है. दरअसल इराक़ी सरकार ने कई उम्मीदवारों पर इसलिए प्रतिबंध लगा दिया था क्योंकि सद्दाम हुसैन की पूर्व बाथ पार्टी से उसके कथित संबध थे.
लेकिन एक अदालत ने सरकार को निर्देश दिया कि वह उम्मीदवारों पर लगाई गई पाबंदी को हटाए, जबकि सरकार ऐसा नहीं चाहती.
इराक़ी सरकार ने बाथ पार्टी से संबंध रखने के मामले में क़रीब 500 उम्मीदवारों के चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगा रखी है.
अब इस मुद्दे पर चल रहे विवाद के मद्देनज़र चुनाव आयोग ने प्रचार टालने की घोषणा की है. ताकि यह मुद्दा सुलझ जाए.
अगले महीने होने वाले संसदीय चुनाव के लिए प्रचार सात फरवरी से शुरू होने वाला था. लेकिन अब यह अगले सप्ताह 12 फरवरी से शुरू होगा.
चुनाव आयोग से जुड़े एक अधिकारी हमदिया अल हुसैनी ने बताया, "चुनाव प्रचार की शुरुआत अब सात फरवरी की बजाए 12 फरवरी से होगी. हम अदालत को समय देना चाहते हैं कि वो हमारी जाँच का भी अध्ययन करे."
रविवार को एक आपातकालीन संसदीय बहस भी होने वाली है, जिसमें अदालत के फ़ैसले पर विचार-विमर्श होगा.
सरकार ने अदालत के फ़ैसले को 'ग़ैर क़ानूनी और असंवैधानिक' कहा है.
संसदीय चुनाव को अमरीकी सैनिकों की प्रस्तावित वापसी से पहले इराक़ की मेल-मिलाप की नीति की परीक्षा माना जा रहा है.












Click it and Unblock the Notifications