मंत्री की मौजूदगी में बैले नृत्य, राजनीति गरमाई
खंडवा में संत दातार साहब की समाधि की करीब मालगांव मेला लगता है। इस मेले का रविवार को समापन था। इस मौके पर रूस की बालाओं ने अभद्र नृत्य पेश किया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह मौजूद थे और उन्होंने मंच पर आकर एक गीत की चंद लाइने भी गाई।
इस कार्यक्रम के संदर्भ में खंडवा में पत्रकारों ने विजय शाह से पूछा तो उनका कहना था कि सांस्कृतिक धरोहर को बचाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यह सरकार का नहीं जनपद पंचायत का कार्यक्रम था।
कांग्रेस ने संत की समाधि के करीब मेले में इस तरह के अभद्र नाच पर सख्त आपत्ति दर्ज कराते हुए शाह को मंत्री पद से हटाने की मांग की है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता के. के. मिश्रा ने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा के लोगों का असली चेहरा इस कृत्य से उजागर हुआ है। उन्होंने राज्यपाल से शाह को तुरंत पद से हटाने की मांग की।
इधर, भाजपा को नृत्य में मंत्री की मौजूदगी में कोई बुराई नजर नहीं आ रही है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेंद्र सिंह सिसौदिया ने आईएएनएस से चर्चा करते हुए कहा कि मंत्री की मजबूरी होती है सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाना। शाह भी उसी के चलते वहां गए थे, जहां तक उनके गाना गाने की बात है तो गाना तो वही गाएगा जिसे गाना आएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications