बिहार कांग्रेस को मिला राहुल का ग्लूकोज
पटना। लगभग मरणासन्न अवस्था में पड़ी बिहार कांग्रेस को महासचिव राहुल गांधी के दौरे का ग्लूकोज मिलने वाला है। राहुल सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे हैं। राहुल के बिहार दौरे की शुरुआत बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। बिहार के पश्चिम चम्पारण का भितिहरवा आश्रम महात्मा गांधी का सत्याग्रह स्थल है। राहुल ने बापू की प्रतिमा पर माला चढ़ाने के बाद कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं से भेंट की। राहुल से मिलने के लिए पश्चिम चम्पारण के अलावा आस-पास के जिलों के युवा कांग्रेसी कार्यकर्ता भी पहुंचे।
कांग्रेस की बिहार इकाई ने ने राहुल गांधी के इस दौरे को सफल बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि राहुल के बिहार आने से बिहार के युवाओं के बीच कांग्रेस का आकर्षण बढ़ेगा और पार्टी बिहार में पुनर्जीवित होगी। राहुल दो दिन के बिहार दौरे में प्रदेश के सात जिलों का दौरा करेंगे। वह अलग-अलग स्थानों पर अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यकों के युवा सम्मेलनों में भी भाग लेंगे।
चम्पारण के बाद वह दरभंगा के मिथिला विश्वविद्यालय में छात्रों से मिलेंगे। गया में अनुसूचित जाति के युवाओं के राज्यस्तरीय सम्मेलन में भी वह हिस्सा लेंगे। अगले दिन पटना के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वह काराकाट, भागलपुर, और किशनगंज में विभिन्न समुदायों के युवाओं के सम्मेलनों में भाग लेंगे।













Click it and Unblock the Notifications