ओबामा के नए सीनेटर के साथ पुश्तैनी संबंध?
न्यूयार्क, 1 फरवरी (आईएएनएस)। जार्ज डब्ल्यू. बुश और बिल क्लिंटन सहित सात पूर्व राष्ट्रपतियों के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के पुश्तैनी संबंधों की खोज के बाद अब यह सामने आया है कि नवनिर्वाचित सीनेटर स्कॉट ब्राउन दूर के रिश्ते से उनके भाई हैं।
वर्ष 1845 से अमेरिकी लोगों के इंग्लैंड के पूर्वजों से संबंधों की खोज के काम में लगी न्यू इंग्लैंड हिस्टोरिकल जियोलॉजिकल सोसायटी (एनईएचजीएस) ने कहा कि ओबामा और स्कॉट ब्राउन दूर के रिश्ते से भाई हैं।
रिपब्लिकन पार्टी के ब्राउन ने 19 जनवरी को मैसाचुसेट्स सीनेट सीट पर जीत हासिल करके अमेरिकी राजनीति में हलचल पैदा कर दी। यह सीट लंबे समय से डेमोक्रेटिक पार्टी के कब्जे में थी और दिवंगत एडवर्ड केनेडी यहां से सीनेटर थे। ब्राउन की जीत से ओबामा की डेमोक्रेटिक पार्टी का स्वास्थ्य सुधार का एजेंडा प्रभावित हुआ। इससे 100 सदस्यीय सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी की संख्या पूर्ण बहुमत के लिए आवश्यक 60 से कम हो गई।
बोस्टन स्थित एनईएचजीएस ने कहा कि ओबामा की मां स्टेनली एन डनहैम और ब्राउन की मां जुडिथ एन रग दोनों ही मैसाचुसेट्स के हैवरहिल निवासी रिचर्ड सिंगलेटरी की वंशज हैं। सिंगलेटरी की मौत वर्ष 1687 में 102 वर्ष की उम्र में हुई थी।
सोसायटी के अनुसार ओबामा रिचर्ड के बड़े बेटे जानाथन सिंगलेटरी के वंशज हैं जिन्होंने बाद में अपना उपनाम बदलकर डनहैम रख लिया। ब्राउन जोनाथन के भाई नैथनिएल सिंगलेटरी के वंशज हैं।
सोसायटी ने वर्ष 2008 में ओबामा को सात पूर्व राष्ट्रपतियों का पुश्तैनी संबंधी बताया था। इनमें जार्ज एच.डब्ल्यू.बुश, जिमी कार्टर, गेराल्ड फोर्ड, लिंडन जानसन, हैरी एस.ट्रमैन और जेम्स मेडिसन शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications