ग्रैमी पुरस्कार : रहमान ने जीते 2 पुरस्कार, बॉलीवुड अभिभूत (राउंडअप)
रहमान को फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के गीत 'जय हो' के लिए ये प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले। ऑस्कर विजेता संगीतकार की इस सफलता पर गुलजार, श्याम बेनेगल और सुभाष घई तक जैसे दिग्गजों ने कहा कि रहमान ने देश का नाम रोशन किया है।
रहमान को 'बेस्ट कंपाइलेशन साउंडट्रैक फॉर मोशन पिक्चर्स' और 'बेस्ट मोशन पिक्चर सांग' के लिए ग्रैमी दिया गया। रहमान ने इस गीत के लिए दो ऑस्कर भी जीते थे। यह गीत बॉलीवुड के गीतकार गुलजार और तन्वी शाह द्वारा लिखा गया है।
'जय हो' के गीतकार और इस गीत के लिए ऑस्कर जीत चुके गुलजार ने कहा, "हमें रहमान पर गर्व है। वह जादुई संगीतकार हैं। उन्होंने देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से उनका परिवार, प्रशंसक, दोस्त और उनकी पूरी टीम बहुत खुश है। इतनी कम उम्र में इतना कुछ हासिल कर लेना अतुलनीय है। हमें उन्हें कंधे पर उठाना चाहिए।"
निमार्ता-निर्देशक इम्तियाज अली ने कहा कि रहमान की उपलब्धियों से वह गौरव महसूस कर रहे हैं। बकौल अली, "अगर रहमान को जय हो के लिए इतना पुरस्कार मिल रहा है तो फिर अंदाजा लगाइए कि जब पश्चिमी जगत को उनकी प्रतिभा की असल झलक मिलेगी, तब क्या होगा।"
जनमानस से जुड़ी अपनी फिल्मों के लिए बॉलीवुड में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले निर्देशक श्याम बेनेगल ने कहा कि रहमान बेहतरीन हैं...रहमान महानतम हैं।
'शोमैन' के नाम से मशहूर सुभाष घई ने रहमान को एक ऐसा संगीतकार बताया जो लगातार कुछ नया करने का प्रयास करते हैं। बकौल घई, "उनके अंदर संगीत रचा-बसा है। उन्होंने देश का नाम रोशन कर दिया है।"
'जय हो' के गायक सुखविंदर सिंह ने रहमान की इस सफलता पर हर्ष जाहिर किया। सुखविंदर ने कहा, "मैं रहमान के लिए बहुत खुश हूं। मैं तो 'रोजा' के प्रदर्शित होने के बाद से उन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिलने की राह देख रहा था, इसलिए मैं उनकी हालिया सफलता पर आश्चर्यचकित नहीं हूं।"
अपने गीतों के लिए मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने कहा कि रहमान महान हैं क्योंकि उन्होंने भारतीय संगीत को दुनिया भर में पहुंचाने का काम किया है।
रहमान ने जहां दो पुरस्कार जीतकर भारत का नाम रोशन किया वहीं पॉप गायिका बियोंसे नोल्स सबसे अधिक छह पुरस्कार जीतने में सफल रहीं। ि
बियोंसे को कुल 10 वर्गो में नामांकन मिला था, जिसमें से उन्होंने 'सांग ऑफ द इअर', 'बेस्ट आर एंड बी सांग' और 'बेस्ट फीमेल आर एंड बी वोह्कल परफारमेंस' सहित कुल छह पुरस्कार अपने नाम किए।
बियोंसे को 'सिंगल लेडीज' (पुट ए रिंग ऑन इट) गीत के लिए 'बेस्ट फीमेल आर एंड बी वोह्कल परफारमेंस' पुरस्कार से नवाजा गया।
अमेरिकी रॉक बैंड 'किंग्स ऑफ लियोन' के युवा गायक टेलर स्विफ्ट ने चार ग्रैमी जीते। स्विफ्ट को फीयरलेस के लिए 'एल्बम ऑफ द इअर' और किंग्स ऑफ लियोन के 'यूज समबडी' के लिए 'रॉकर प्राइजेज ऑफ द ईयर' से नवाजा गया।
इसके अलावा स्विफ्ट को 'बेस्ट रॉक सांग' और 'बेस्ट परफारमेंस बाई ए डूयो ऑर ग्रुप विद वोक्ल्स' पुरस्कार भी मिला।
हिप-हॉप बैंड ब्लैक आइड पीज और गायक जे जेड ने तीन-तीन पुरस्कार जीते जबकि महान गायक एल्टन जॉन और लेडी गागा ने अपनी शानदार प्रस्तुति से लोगों को अभिभूत कर दिया। इस कार्यक्रम में ग्रीन डे, पिंक, डेव मैथ्यूज बैंड, बियोंसे और ब्लैक आइज पीज ग्रुप ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया।
इस दौरान दिवंगत पॉप स्टार माइकल जैक्सन को श्रृद्धांजलि दी गई। इसके अंतर्गत जैक्सन के जगप्रसिद्ध 'अर्थ सांग' का थ्री-डी संस्करण दिखाया गया। जैक्सन ने इसे अपने विश्व भ्रमण के लिए तैयार किया था।
जैक्सन के बेटे प्रिंस और पेरिस ने मंच पर आकर अपने पिता को मिला 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' ग्रहण किया। 'अर्थ सांग' की प्रस्तुति में गायिका सेलिन डियोन, जेनिफर हडसन, उशर, स्मोकी रोबिंसन और कैरी अंडरवुड ने एक साथ मिलकर समां बांधा।
ग्रैमी पुरस्कार जीतने वाले दूसरे कलाकारों की सूची :
'बेस्ट न्यूज आर्टिस्ट' : जाक ब्राउन बैंड
'बेस्ट मेल पॉप व्होकल परफारमेंस' : जेसन मार्ज
'बेस्ट पॉप कोलेबोरेशन विद व्होकल्स' : जेसन मार्ज और कोल्बी केलाट
'बेस्ट पॉप इंटुमेंटल परफारमेंस' : बेला फ्लेक
'बेस्ट पॉप इंस्टुमेंटल एल्बम' : बूकर टी जोंस
'बेस्ट पॉप व्होकल एल्बम' : द ब्लैक आइड पीज
'बेस्ट डांस रिकार्डिग' : लेडी गागा
'बेस्ट इलेक्ट्रॉनिक/डांस एल्बम' : लेडी गागा
'बेस्ट ट्रेडिशनल पॉप व्होकल एल्बम' : माइकल बबल
'बेस्ट सोलो रॉक व्होकल परफारमेंस' : ब्रूस स्प्रिंगस्टीन
'बेस्ट हार्ड रॉक परफारमेंस' : एसी डीसी
'बेस्ट मेटल परफारमेंस' : जुडास प्रीस्ट
'बेस्ट रॉक एल्बम' : ग्रीन डे
'बेस्ट रॉक इंस्ट्रमेंटल परफारमेंस' : जेफ बेक
'बेस्ट अल्टरनेटिव म्यूजिक एल्बम' : फिनिक्स
'बेस्ट मेल आर एंड बी व्होकल परफारमेंस' : मैक्सवेल
'बेस्ट आर एंड बी परफारमेंस बाई ए डूयो ग्रुप विद व्होकल्स' : जेमी फॉक्स और टी-पेन
'बेस्ट ट्रेडिशनल आर एंड बी व्होकल परफारमेंस' : बियोंसे
'बेस्ट अर्बन/अल्टरनेटिव परफारमेंस' : इंडिया एरी और डोबेट ग्नाहोर
इसके अलावा ग्रैमी पुरस्कारों के दौरान कई लोगों को 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड' भी दिए गए। इनमें लियोनार्ड कोहेन, माइकल जैक्सन, लॉरेटा लिन, बॉबी डारिन, क्लार्क टेरी, डेविड एडवडर्स और आंद्रे प्रेविन शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications