मुंबई सभी देशवासियों की : चिदम्बरम
नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। शिव सेना के 'मुंबई मराठियों की' नारे की आलोचना करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने सोमवार को कहा कि ऐसे किसी भी घातक विचार को खारिज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुंबई पूरे देशवासियों की है।
चिदम्बरम ने यहां पत्रकारों से चर्चा में कहा, "हम शिव सेना के इस सिद्धांत को खारिज करते हैं। मुंबई पूरे देश की है और सभी देशवासी वहां रहने और रोजगार करने को स्वतंत्र हैं।"
उन्होंने कहा, "नीतिगत तौर पर हम शिव सेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के इस सिद्धांत को हम खारिज करते हैं। यह सिद्धांत घातक है और इसे अस्वीकार किया जाना चाहिए।"
गृह मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा प्रस्तुत विचार का शिव सेना द्वारा विरोध किए जाने के बाद महाराष्ट्र में यदि किसी प्रकार की स्थिति उत्पन्न होती है तो इससे निपटने में महाराष्ट्र सरकार सक्षम है।
उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र की सरकार को यदि हमारे सलाह की जरूरत पड़ेगी तो हम इसके लिए तैयार है लेकिन मेरा मानना है कि महाराष्ट्र सरकार इस परिस्थिति से निपटने में सक्षम हैं।"
उल्लेखनीय है कि संघ ने रविवार को अपने स्वयंसेवकों को हिंदी भाषियों व उत्तर भारतीयों की रक्षा के लिए आगे आने का निर्देश दिया था। संघ के इस निर्देश से बौखलाई शिव सेना ने संघ को मुंबई से जुड़े मामलों से दूर रहने की नसीहत दी है और कहा है कि पार्टी को संघ से सीख नहीं चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications