पिट और जोली साथ-साथ!
लंदन, 1 फरवरी, (आईएएनएस)। दुनिया की सबसे खूबसूरत जोड़ियों में एक ब्रैड पिट और एंजेलिना जोली ने लास एंजेलिस में रविवार को डायरेक्टर्स गिल्ड ऑफ अमेरिका अवार्ड्स में साथ-साथ दिखकर लोगों को हैरान कर दिया।
पिछले दिनों दोनों के बीच रिश्ता टूटने की अफवाहें थीं। कहा जा रहा था कि दोनों वकीलों के संपर्क में थे ताकि उनके छह बच्चों की देखरेख के बारे में और करीब 33 करोड़ डॉलर संपत्ति का निपटारा हो सके।
ब्रिटेन की वेबसाइट डेलीमेल डॉट को डॉट यूके के मुताबिक, हालांकि दोनों ने रेड कार्पेट पर साथ पोज देने से इंकार कर दिया, लेकिन यह जोड़ी एक-दूसरे से बहुत प्यार जताती दिखी।
पिट को समारोह में उनकी फिल्म 'इनग्लोरियस बास्टर्ड' के लिए आमंत्रित किया गया था। डायरेक्टर क्वेनटिन टेरेंटिनो की यह फिल्म सर्वश्रेष्ठ निर्देशन की श्रेणी में नामांकित हुई थी। बाद में यह अवार्ड कैथरीन बिगेलो को मिला।
हालांकि, पिट के साथ जोली के आने की कोई संभावना नहीं थी लेकिन शायद पिछले दिनों आई अफवाहों को देखते हुए दोनों सेंचुरी सिटी के हयात रेजेंसी सेंचुरी प्लाजा में आयोजित समारोह में एक साथ नजर आए।
34 साल की जोली हरे रंग के गाउन में बेहद खूबसूरत नजर आ रहीं थी। इस दौरान वह ब्लैक सूट में समारोह में पहुंचे पिट के काफी नजदीक दिखीं।
इस अवार्ड समारोह में मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि चार घंटे तक चले समारोह के दौरान यह जोड़ी एक-दूसरे के बेहद करीब दिख रही थी।
पिछले दिनों हुए गोल्डन ग्लोब्स में यह जोड़ी उपस्थिति नहीं हुई थी। इसके बाद ऐसी अफवाहें थीं कि दोनों अलग होने जा रहे है। इसके लिए वे वकीलों से संपर्क कर रहे हैं।
इस स्टार जोड़ी ने तीन बच्चों मैडॉक्स (8), पैक्स (6), जहारा (5) को गोद लिया है, जबकि तीन साल के शिलोह और डेढ़ साल के जुड़वा नॉक्स और विवीन्नी को जोली ने जन्म दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications