पाकिस्तान का दौरा हुआ तो द्विपक्षीय वार्ता संभव : चिदम्बरम
नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। गृह मंत्री पी.चिदम्बरम ने सोमवार को कहा कि यदि वह दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के गृह मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने पाकिस्तान गए तो पाक नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता हो सकती है।
पाकिस्तान के प्रस्तावित दौरे के बारे में संवाददाताओं के प्रश्नों के जवाब में चिदम्बरम ने कहा, "मेरा अनुमान है कि यदि मैं पाकिस्तान गया तो अवसर मिलने द्विपक्षीय वार्ता करूंगा। परंतु याद रहे दक्षेस एक बहुपक्षीय मंच है।"
चिदम्बरम ने अपने मंत्रालय के काम-काज की मासिक रिपोर्ट मीडिया के सामने रखते हुए यह टिप्पणी की।
दक्षेस के गृह मंत्रियों का सम्मेलन इस्लामाबाद में 20 फरवरी को आयोजित होगा। सूत्रों के अनुसार चिदम्बरम इसमें हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जा सकते हैं।
मुंबई पर वर्ष 2008 के आतंकवादी हमले के बाद से कोई भी भारतीय मंत्री पाकिस्तान दौरे पर नहीं गया। तत्कालीन विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी मई 2008 में पाकिस्तान दौरे पर गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications