पारिख समिति के रिपोर्ट सौंपने तक ईंधन के दामों में वृद्धि नहीं : देवड़ा
नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने सोमवार को संकेत दिया कि किरीट पारिख समिति के अपनी रिपोर्ट सौंपने से पहले परिवहन ईंधन के मूल्यों में वृद्धि नहीं की जाएगी।
परिवहन ईंधन की कीमतों के निर्धारण की व्यवस्था सहित तेल क्षेत्र में सुधारों पर सिफारिशें देने के लिए किरीट पारिख समिति का गठन किया गया था। इस समिति की रिपोर्ट की लंबे समय से प्रतीक्षा की जा रही है।
देवड़ा ने संवाददाताओं से कहा, "हम चाहते हैं कि इस समय तेल की कीमतें नहीं बढ़ें क्योंकि इसका अन्य सभी क्षेत्रों पर व्यापक प्रभाव होता है।"
उन्होंने कहा कि रियायती दर पर तेल बेचने वाली कंपनियों इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम को हो रहे भारी घाटे के मुद्दे पर वह मंगलवार को केंद्रीय वित्त मंत्री से मुलाकात करेंगे।
रियायती दर पर तेल बेचने वाली इन सभी कंपनियों को वर्तमान वित्तीय वर्ष में कुल मिलाकर 43,000 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने अब तक केवल 12,000 करोड़ रुपये की राशि जारी पर रजामंदी जाहिर की है।
पेट्रोलियम मंत्रालय पूरे घाटे का भार उठाने के लिए वित्त मंत्रालय पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications