ललन ने दिया इस्तीफा, पार्टी नहीं छोड़ेंगे
नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। जनता दल (युनाइटेड) की बिहार इकाई के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष शरद यादव से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। वैसे उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि वह मरते दम तक जद (यू) नहीं छोड़ेंगे।
शरद यादव के आवास पर अपना इस्तीफा सौंपने के बाद पत्रकारों से चर्चा में ललन ने कहा, "अध्यक्षजी नहीं चाहते थे कि मैं अपना इस्तीफा दूं लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में मेरे लिए पद पर बने रहना मुमकिन नहीं था।"
उन्होंने कहा कि वह न तो अपना इस्तीफा वापस लेंगे और न ही मरते दम तक जद (यू) का साथ छोड़ेंगे। ललन के इस्तीफे के मद्देनजर पिछले कुछ दिनों से यह कयास लगाए जा रहे थे कि वह किसी दूसरी पार्टी में भी शामिल हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है ललन सिंह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली से नाराज हैं। गत दिनों उन्होंने नीतीश पर तानाशाही रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया था और कहा था कि वह अपने आप फैसले ले रहे हैं और उन्हें इनकी जानकारी मीडिया के माध्यम से होती है।
उन्होंने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा था कि किसी भी पार्टी में लिए कार्यकर्ता रीढ़ होते हैं जबकि जद (यु) में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। उनकी नाराजगी इस बात से भी है कि दल में शामिल होने वाले नए लोगों को पुरस्कृत किया जा रहा है जबकि पुराने कार्यकर्ताओं को उपेक्षित रखा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications