सेल की छत्तीसगढ़ इकाई में आग लगने से उत्पादन प्रभावित (लीड-1)
रायपुर, 1 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के प्रमुख औद्योगिक शहर भिलाई स्थित स्टील अथॉरीटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के संयंत्र में सोमवार को आग भड़कने से उत्पादन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। एक अधिकारी ने जानकारी दी कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
एक बयान में कहा गया है कि रविवार देर रात भिलाई इस्पात संयंत्र में आग लगी जिससे उत्पादन पर असर पड़ा है। यह आग संयंत्र के पावर और ब्वॉयलिंग स्टेशन (पी एंड बीएस) की केबल सुरंग में लगी।
बयान के मुताबिक किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। धुएं से कुछ लोग प्रभावित हुए थे लेकिन उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल ही छुट्टी दे दी गई। केवल एक व्यक्ति को निगरानी में रखा गया है।
ताजा जानकारी के अनुसार आग पर काबू पाया जा चुका है।
सेल इकाई के एक अधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारण बड़े पैमाने पर उत्पादन प्रभावित हुआ है और इस संयंत्र में उत्पादन सामान्य होने में कुछ दिन लग सकते हैं। इस इकाई से प्रतिदिन औसतन 17,000 टन धातु का उत्पादन होता है।
गौरतलब है कि भिलाई इस्पात संयंत्र छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 30 किलोमीटर दूर दुर्ग जिले में स्थित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications