अमर को मिला जया प्रदा का साथ (लीड-1)
जया प्रदा रविवार को अमर के समर्थन में खुलकर सामने आईं और कहा कि अमर सिंह के साथ पार्टी में ठीक बर्ताव नहीं हो रहा है और यदि उन्हें कुछ हुआ तो इसके लिए सपा नेता जिम्मेदार होंगे।
जया प्रदा ने रविवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "यदि उन्हें (अमर) कुछ हुआ तो इसके लिए वे नेता जिम्मेदार होंगे जो उन्हें निशाना बना रहे हैं।" उनके मुताबिक नेताओं की लगातार बयानबाजियों से अमर के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
खुद को सपा की छोटी कार्यकर्ता करार देते हुए उन्होंने कहा, "मैं जब मुसीबत में थी और जब मुझ पर हमले हो रहे थे, तब पार्टी में किसी ने मेरा हाल नहीं पूछा था। कोई मेरे साथ खड़ा था तो वह अमर सिंह थे। उन्होंने मुसीबत में हमेशा मेरा साथ दिया।"
उन्होंने कहा, "पार्टी में जो कुछ भी हो रहा है, उससे मैं बहुत दुखी हूं। हम आज अपनों के बीच गैर हो गए हैं।"
जया प्रदा ने सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को पिता समान बताया और कहा, "नेताजी (मुलायम) का एक बयान आज मैंने पढ़ा जिसमें उन्होंने कहा है कि अमर सिंह उनके परिवार के सदस्य हैं। नेताजी उन्हें परिवार का सदस्य बता रहे हैं और पार्टी के नेता उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। कोई परिवार का सदस्य बताए और कुछ लोग उनके खिलाफ ऐसी टिप्पणी करे, दोनों एक साथ नहीं हो सकता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications