न्यूजीलैंड में भारतीय टैक्सी चालक की हत्या (लीड-1)
उनतालीस वर्षीय हीरेन मोहिनी टैक्सी चला रहे थे जब करीब 1.30 बजे उनकी कार सड़क से उतरकर पेड़ से जा टकराई।
टैक्सी में लगी इमरजेंसी डिवाइस से अन्य टैक्सी चालकों को घटना का पता चला और वे चंद मिनट में ही मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोग भी पीड़ित की मदद के लिए आ गए और आपातकालीन सेवाओं से मदद मांगी गई लेकिन हीरेन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' ने खबर दी है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में कहा गया है कि हीरेन को चाकू घोंपा गया है।
पुलिस उस व्यक्ति से बात करना चाहती है जिसे दुर्घटना के फौरन बाद वहां से भागते देखा गया। समझा जाता है कि वह युवक करीब 1.20 बजे टैक्सी में सवार हुआ होगा। सुरक्षा टोही फुटेज का आकलन किया जा रहा है।
ऑकलैंड की को-ऑपरेटिव टैक्सी सोसायटी के अध्यक्ष इयान ग्राहम ने कहा, "आज सुबह की इस त्रासद घटना से वह बेहद दुखी हैं। इस मौके पर हमारी संवेदना और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।"
उन्होंने कहा, "कंपनी इस बात को लेकर बहुत दुख और गुस्से में है कि अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए कड़ी मेहनत करने वाले एक युवक के साथ यह निर्मम हिंसा की घटना हुई।"
उन्होंने कहा, "हीरेन बहुत मितभाषी, कम घुलना-मिलना पसंद करने वाला युवक था। वह अपने परिवार से बेहद प्रेम करता था और सही मायनों में पारिवारिक व्यक्ति था। वह सिर्फ अपने परिवार के लिए ईमानदारी से धन कमाने की कोशिश कर रहा था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications