मोदी की तुलना गांधी से नहीं की: गडकरी

गडकरी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "मैं सिर्फ गुजरात सरकार के उन कार्यक्रमों का उल्लेख कर रहा था जो गरीबों के हित में चलाए गए हैं। मैंने कहा था कि मोदी महात्मा गांधी के पदचिह्नें पर चल रहे हैं, जिन्होंने अंत्योदय योजना की शुरुआत की थी।"
उन्होंने कहा, "मोदी गांधीजी और दीनदयाल उपाध्याय से प्रेरित हैं और वह वही कर रहे हैं जो गांधीजी ने किया था।" गडकरी ने कहा, "यह बहुत ही दुखद है कि मीडिया के एक वर्ग ने मेरे भाषण को तोड़मरोड़ कर पेश किया। मैंने जो कुछ भी कहा था, उसकी क्लिपिंग्स मौजूद हैं। इससे साफ हो जाएगा कि मैंने क्या कहा था।"
कांग्रेस ने आडे हाथों लिया
इससे पहले महात्मा गांधी से मोदी की तुलना किए जाने की खबरें आने पर कांग्रेस ने गडकरी को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने रविवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा, "गुजरात के मिलोसेविक की तुलना महात्मा गांधी से करके, उनके हत्यारों ने उनका एक और अपमान किया है।"
उन्होंने कहा, "इससे जाहिर होता है कि सामूहिक वृद्धत्व किस कदर भगवा पार्टी पर हावी हो गया है।" गडकरी ने शनिवार को पोरबंदर में निर्धनता के खिलाफ मोदी द्वारा चलाई जा रही नीतियों की तुलना महात्मा गांधी के विचारों से की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications