हैती से बच्चों को अवैध तौर पर ले जा रहे 10 अमेरिकी गिरफ्तार
पोर्ट-ओ-प्रिंस, 31 जनवरी (आईएएनएस)। हैती पुलिस ने 33 बच्चों को अवैध रूप से देश से बाहर ले जाने का प्रयास करते हुए 10 अमेरिकी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पुलिस ने इन लोगों को सिल्सबी लॉरा लेवॉन नाम की उनकी महिला सरगना के साथ डोमिनिक गणराज्य के निकट मेल्पासा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
प्रवासी हैतीवासियों से संबद्ध मंत्रालय द्वारा भेजी गई ई-मेल के अनुसार, "लेवॉन ने न्यायाधीश को बताया कि उनकी मंशा बच्चों को देखभाल, भोजन और कपड़ा उपलब्ध कराने की थी।"
लेवॉन ने बताया कि उसने हाल ही डोमिनिक गणराज्य के तटवर्ती शहर में एक संपत्ति खरीदी है जहां उसकी भूकंप पीड़ितों के लिए एक अनाथालय बनाने की योजना है। उसका दावा है कि अनाथालय की इमारत बनकर तैयार होने तक वह इन बच्चों को एक होटल में रखने वाली थी।
प्रवासी हैतीवासियों के मामलों से संबद्ध मंत्री एडविन पेराइसन के अनुसार सिर्फ उनका मंत्रालय ही नाबालिगों को देश छोड़ने की इजाजत दे सकता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में हैती के कानूनों के मुताबिक कार्रवाई होगी।
उन 33 बच्चों को राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस के बाहर एक सरकारी अनाथालय में भेज दिया गया है।
हैती में भूकंप के बाद बड़ी संख्या में बच्चों के अनाथ होने के मद्देनजर प्रधानमंत्री ज्यां-मैक्स बेल्लरीव और युनिसेफ ने नाबालिगों की अवैध तस्करी की निंदा की है। पोर्ट-ओ-प्रिंस में नियुक्त युनिसेफ अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में चौकसी दोगुनी कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications