कृतज्ञ राष्ट्र ने दी बापू को श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 30 जनवरी (आईएएनएस)। कृतज्ञ राष्ट्र ने शनिवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 62वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शहीदी दिवस के रूप में मनाई जाने वाली बापू की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई, भक्ति संगीत तथा सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई।
उनकी समाधि राजघाट पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए और राजधाट समाधि समिति ने सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की। एक घंटे से ज्यादा देर तक चली इस प्रार्थना सभा में बौद्ध,जैन, बहाइ, ईसाई, हिंदु, इस्लाम, यहूदी, पारसी तथा सिख धर्मो के धार्मिक नेताओं ने शिरकत की।
राजधाट समाधि समिति के सदस्य रजनीश कुमार ने बताया, "हर साल शहीदी दिवस के मौके पर बापू को श्रद्धांजलि देने के लिए हम सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन करते हैं। यह साल भी अपवाद नहीं रहा। रक्षा मंत्रालय भी इस मौके पर विशेष श्रद्धांजलि समारोह आयोजित करता है।"
प्रार्थना सभा के अलावा भक्ति संगीत का भी आयोजन किया गया। गांधी स्मृति की ओर से भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications