महंगाई के मुद्दे पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन करेगा राजद (लीड-1)
पटना, 30 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष एवं पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी महंगाई के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन प्रारंभ करेगी।
पटना में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 28 जनवरी को बिहार बंद की सफलता देखकर सत्ताधारी दल घबरा गए हैं। उन्होंने कहा कि इस सफलता में राज्य के सभी लोगों ने भागीदारी की है तथा वे सभी बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक महंगाई कम नहीं होगी तब तक राजद इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रव्यापी आंदोलन की सफलता के लिए अन्य नेताओं से बात करने वह अगले सप्ताह दिल्ली जाएंगे।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार कालाबाजारियों को प्रोत्साहित कर रही है तथा यहां से अनाज नेपाल के रास्ते बांग्लादेश तक जा रहा है।
जनता दल (युनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष ललन सिंह के इस्तीफे की पेशकश के विषय में पत्रकारों के पूछने पर लालू ने कोई टिप्पणी करने से इंकार करते हुए कहा कि वे दूसरे राजनीतिक दलों के विषय में कुछ नहीं बोलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications