पशुपालकों को प्रशिक्षित करेगा इग्नू
भोपाल, 29 जनवरी (आईएएनएस)। इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू)और राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम एक साथ मिलकर राज्य की राजधानी भोपाल में पशुपालन के क्षेत्र में सक्रिय पशुपालकों को प्रशिक्षण देने के लिए 'प्रोग्राम स्टडी सेंटर' की स्थापना करेंगे।
इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डा.के.एस. तिवारी और पशुपालन एवं कुक्कुट विकास निगम के प्रबंध संचालक बी.एन.सिंह ने इस संबंध में एक करारनामे पर हस्ताक्षर किए।
इस प्रशिक्षण केंद्र के जरिए पशुपालकों को आय बढ़ाने के गुर सिखाए जाएंगे। इस केंद्र में दो तरह के प्रशिक्षण दिए जाएंगे। पहला प्रशिक्षण छह माह से एक साल तक का और दूसरा एक से लेकर दो माह तक का होगा। करारनामे के मुताबिक प्रशिक्षण के लिए अधोसंरचना (इंफ्रास्टक्च र) पशुपालन विभाग उपलब्ध कराएगा।
इस मौके पर मध्य प्रदेश के पशुपालन मंत्री अजय विश्नोई ने कहा, "प्रदेश में कृषि को फायदे का धंधा बनाने के लिए पशुपालन विभाग एक आदर्श सहयोगी साबित होगा। पशुपालकों के व्यापक हितों और उनके आर्थिक हितों को ध्यान में रखकर इग्नू के साथ प्रशिक्षण की शुरुआत की जा रही है। इस प्रशिक्षण से पशुपालक स्वयं का उद्यम स्थापित कर सकेंगे, साथ ही उनकी वैकल्पिक आय के स्रोत भी बढ़ेंगे।"
करारनामे पर हस्ताक्षर करने के बाद डॉ. तिवारी ने बताया, " इग्नू देश एवं विदेश में विभिन्न संस्थानों के माध्यम से गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में पशुपालन विभाग से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम और पाठयक्रम संचालन के लिए भोपाल में स्टडी सेंटर की स्थापना की जा रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications