कोहरे से 100 उड़ानें, 160 ट्रेनें प्रभावित
नई दिल्ली। उत्तर भारत में सर्द हवाओं से फिलहाल लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। दिन ढलने के बाद कुछ राज्यों में धूप खिलने और तापमान में वृद्धि से हालांकि लोगों ने राहत की सांस ली। दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार को कोहरे का प्रकोप इस कदर जारी रहा कि सामान्य दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई।
घने कोहरे की वजह से हवाई, रेल और सड़क यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ। कोहरे की मार से एक तरफ जहां 100 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई वहीं दूसरी तरफ 160 रेलगाड़ियों की आवाजाही पर कोहरे का असर पड़ा।
दृश्यता शून्य के करीब पहुंची
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी)के एक अधिकारी ने कहा कि राजधानी में सुबह 5.30 बजे दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई और 50 मीटर से नीचे बनी रही। कोहरे की वजह से सड़क यातायात खासा प्रभावित हुआ। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 9.30 मिनट पर दृश्यता 100 मीटर से भी नीचे चली गई जिस वजह से 100 से अधिक घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, " कम दृश्यता वाली प्रक्रिया को मंगलवार सात बजे लागू किया गया था जो बुधवार 10.55 तक जारी रही। कम दृश्यता प्रक्रिया के बीच 167 उड़ानों को संचालित किया गया था। कोहरे की वजह से 30 घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के मार्गो में परिवर्तन किया गया।"
कोहरे की वजह से रेल यातायात भी खासा प्रभावित हुआ। इस दौरान 160 से अधिक रेलगाड़ियां प्रभावित हुई। उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, "25 रेलगाड़ियां रद्द की गई जबकि 35 के समय में परिवर्तन किया गया। 100 रेलगाड़ियां लगभग तीन घंटे की देरी से चल रही हैं।"
गौरतलब है कि उचित सूचना न मुहैया कराए जाने के कारण हजारों यात्री दिल्ली हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर फंसे रहे। एक व्यवसायी रमेश सिंह ने बताया, "जयपुर के लिए मेरी उड़ान का समय सुबह 6.20 बजे था। हवाईअड्डे पर समय से पहुंचने के लिए मैं सुबह 3.30 बजे ही अपने घर से चला था। जब मैं हवाई अड्डे पर पहुंचा तो हमें बताया गया कि उड़ान को रद्द कर दिया गया है।"
शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुरुवार को घने कोहरे से थोड़ी राहत मिलने की संभावना व्यक्त की है।
यूपी में राहत की सांस
उत्तर प्रदेश में बुधवार को लगातार दूसरे दिन धूप खिलने से कड़ाके की सर्दी से ठिठुर रहे लोगों ने कुछ राहत महसूस की हालांकि सर्द हवाओं का चलना पहले की तरह जारी है। लखनऊ सहित राज्य के अन्य इलाकों में बुधवार तड़के कोहरा छाया रहा लेकिन सुबह आठ बजे तक वह छंट गया और हल्की धूप खिल गई। बर्फीली हवाएं चलने से धूप कड़ाके की ठंड और ठिठुरन से कोई खास राहत नहीं दिला पा रही है।
राज्य में बुधवार सुबह सबसे कम न्यूनतम तापमान गोरखपुर में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 6.8 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी का 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कड़ाके की सर्दी और कोहरे के मद्देनजर लखनऊ-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, लखनऊ-दिल्ली गोमती एक्सप्रेस रेलगाड़ियां रद्द की गई हैं। दिल्ली व देश के दूसरे क्षेत्रों से लखनऊ की तरफ आने वाली गंगा-गोमती एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, और गोरखधाम एक्सप्रेस सहित कई रेलगाड़ियां दो से 10 घंटे की देरी से चल रही है। इसके अलावा नई दिल्ली, मुंबई व अन्य शहरों से बुधवार सुबह लखनऊ आने वाली उड़ाने निर्धारित समय से दो से चार घंटे से देरी से पहुंच रही हैं।
बिहार में कुछ जगह धूप खिली
बिहार की राजधानी और अन्य हिस्सों में बुधवार को धूप खिली। परंतु सर्द हवाओं के कारण सर्दी से राहत नहीं मिल सकी। हालांकि धूप का लोगों ने भरपूर आनंद लिया। पटना सहित राज्य के अन्य इलाकों में बुधवार को सुबह में हल्की धूप खिली। जिसे देख लोगों ने राहत की सांस ली। उल्लेखनीय है कि पिछले दो सप्ताह से यहां कोहरे की वजह से सुबह 10 बजे के बाद ही धूप के दर्शन हो रहे हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बुधवार को सबसे सर्द क्षेत्र छपरा रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पटना में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री, गया में 6.7 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उड़ीसा में शीत लहर जारी
उड़ीसा में बुधवार को भी शीत लहर जारी रही। कंधमाल जिले के फुलबनी शहर में न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भुवनेश्वर मौसम केंद्र के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "यह राज्य में दिन का सबसे कम तापमान रहा।"
जबकि क्योंझर, झारसुगुडा, सुंदरगढ़, अंगुल,भाबनीपटना, कोरापुट और तलचर जिले में न्यूनतम तापमान 10 से 20 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहा। वहीं तटीय शहर गर्म रहे। पुरी में तापमान 17 डिग्री सेल्सियस, बालरसोर में 13.2 डिग्री सेल्सियस और पारादीप में 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जम्मू एवं कश्मीर में घाटी तथा लद्दाख में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। यहां जारी शीत लहर में कमी आई है। श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।" मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान घाटी में छिटपुट बारिश और हिमपात होने की संभावना व्यक्त की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications