पाकिस्तान में तो मुंबई जैसे 101 से अधिक हमले हुए हैं : गिलानी
गिलानी ने समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "पाकिस्तान में मुंबई जैसे 101 हमले हुए हैं। इसलिए वार्ता ही इसका एकमात्र जवाब है। हम दोनों जिम्मेदार राष्ट्र हैं। हम आगे बढ़ सकते हैं लेकिन युद्ध नहीं झेल सकते। वार्ता ही एकमात्र विकल्प बचा है।"
उल्लेखनीय है कि मुंबई हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान से वार्ता पर विराम लगा दिया था।
मिस्र के शर्म अल-शेख में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ हुई अपनी मुलाकात और दोनों देशों की ओर से जारी किए गए संयुक्त बयान का जिक्र करते हुए गिलानी ने कहा, "वह बैठक बहुत अच्छी थी। हमने सभी मुद्दों पर बातचीत की थी। हमारा मानना है कि दोनों देश आतंकवाद से पीड़ित हैं।"
गिलानी ने कहा, "किसी एक घटना को लेकर 1.25 अरब लोगों को बंधक नहीं बनाया जाना चाहिए। इससे आतंकवादियों को ही फायदा होगा। इसलिए हमें आगे की ओर देखना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "हम निश्चित तौर पर आतंकवाद की निंदा करते हैं। हम मानते हैं कि आतंकवादी वारदातों को अंजाम देने के लिए न तो पाकिस्तानी और न ही भारतीय जमीन का एक दूसरे के खिलाफ इस्तेमाल होना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications