दिल्ली में कोहरे से हवाई और रेल सेवाएं बाधित (लीड-2)
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी)के एक अधिकारी ने कहा कि राजधानी में सुबह 5.30 बजे दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई और 50 मीटर से नीचे बनी रही। कोहरे की वजह से सड़क यातायात खासा प्रभावित हुआ।
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 9.30 मिनट पर दृश्यता 100 मीटर से भी नीचे चली गई जिस वजह से 100 से अधिक घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, " कम दृश्यता वाली प्रक्रिया को मंगलवार सात बजे लागू किया गया था जो बुधवार 10.55 तक जारी रही। कम दृश्यता प्रक्रिया के बीच 167 उड़ानों को संचालित किया गया था। कोहरे की वजह से 30 घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के मार्गो में परिवर्तन किया गया।"
कोहरे की वजह से रेल यातायात भी खासा प्रभावित हुआ। इस दौरान 160 से अधिक रेलगाड़ियां प्रभावित हुई।
उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, "25 रेलगाड़ियां रद्द की गई जबकि 35 के समय में परिवर्तन किया गया। 100 रेलगाड़ियां लगभग तीन घंटे की देरी से चल रही हैं।"
गौरतलब है कि उचित सूचना न मुहैया कराए जाने के कारण हजारों यात्री दिल्ली हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशनों पर फंसे रहे।
एक व्यवसायी रमेश सिंह ने आईएएनएस को बताया, "जयपुर के लिए मेरी उड़ान का समय सुबह 6.20 बजे था। हवाईअड्डे पर समय से पहुंचने के लिए मैं सुबह 3.30 बजे ही अपने घर से चला था। जब मैं हवाई अड्डे पर पहुंचा तो हमें बताया गया कि उड़ान को रद्द कर दिया गया है।"
शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुरुवार को घने कोहरे से थोड़ी राहत मिलने की संभावना व्यक्त की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications