भारत की विकास दर 7.7 फीसदी रहेगी : आईएमएफ
वाशिंगटन, 26 जनवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की ओर से मंगलवार को कहा गया है वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी के साथ सुधार होना शुरू हो गया है। ऐसे में वर्ष 2010 में भारत की विकास दर 7.7 फीसदी रहेगी। यह दर पूर्व में की गई घोषणा से 1.3 फीसदी अधिक है।
आईएमएफ ने वर्ल्ड इकॉनॉमिक आउटलुक (डब्ल्यूईओ) में कहा है कि भारत ने 2008 में 7.3 फीसदी की विकास दर हासिल की थी। यह दर 2009 में गिरकर 5.9 फीसदी पर आ गई। लेकिन वर्ष 2011 में भारत की विकास दर 7.8 फीसदी से थोड़ा अधिक होने की संभावना है। यह दर पिछले साल घोषित पूर्वानुमान से 0.5 फीसदी अधिक है।
आईएमएफ ने कहा है कि विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग गति से आर्थिक सुधार हो रहा है। इसके साथ ही आईएमएफ ने कहा है कि 2010 में वैश्विक उत्पादन में 4 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। यह दर अक्टूबर 2009 में की गई घोषणा से यह 0.75 फीसदी अधिक है।
आईएमएफ ने कहा है कि पिछले दिनों आए गंभीर वैश्विक आर्थिक संकट के बाद 2009 की दूसरी छमाही में आर्थिक विकास दर में मजबूती आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications