हुड्डा का गोवा में निर्माणाधीन बंगला विवादों में
पणजी, 26 जनवरी (आईएएनएस)। गोवा के अस्सागाव गांव में हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के करोड़ों रुपये के निर्माणाधीन बंगले को लेकर विवाद पैदा हो गया है। यह गांव पुराने पुर्तगाली स्टाइल में बने बंगलों के लिए प्रसिद्ध है।
अस्सागाव के निवासियों ने आरोप लगाया है कि पंचायत के अधिकारियों को घूस देकर हुड्डा के बंगले के निर्माण में कथित तौर पर अनियमितता बरती जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण के लिए पहाड़ों की अवैध कटाई और अवैध रूप से स्वीमिंग पुल बनाने की इजाजत दे दी।
आईएएनएस को मिली जानकारी के मुताबिक गांव में गत 24 जनवरी को ग्रामसभा की बैठक बुलाई गई थी जिसमें ग्रामीणों ने हुड्डा के बंगले के निर्माण के लिए दिए गए लाइसेंस को वापस लेने की मांग की।
क्लेटन फोनसेका नामक एक स्थानीय नागरिक ने कहा, "पूरे गांव में जल वितरण की कोई उचित व्यवस्था नहीं है और पंचायत ने हुड्डा को वहां कैसे स्वीमिंग पुल बनाने की अनुमति दे दी। किसने लिए पैसे।"
एरविन फोनसेका नामक एक अन्य स्थानीय ने बताया कि बंगले के निर्माण में व्यापक अनियमितता बरती जा रही है। पत्थरों और पेड़ों की व्यापक तौर पर अवैध कटाई की जा रही है।
गांव के सरपंच प्रदीप नाइक ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ग्रामीणों की भावना को देखते हुए पंचायत ने तय किया है कि वह हुड्डा को एक नोटिस जारी करेगी।
उन्होंने कहा, "हमारे गांव में 15 ऐसे बंगले हैं जिनमें स्वीमिंग पुल है। गांव में पानी के अभाव को देखते हुए हम और स्वीमिंग पुल बनाने की इजाजत नहीं दे सकते।"
उधर, नई दिल्ली में हुड्डा के मीडिया सलाहकार शिव भाटिया ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मैं इस बारे में जानकारी लेकर कल (बुधवार) बताऊंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications