राजस्थान में हषरेल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह
जयपुर, 26 जनवरी (आईएएनएस)। राजस्थान में राज्य स्तरीय 61वां गणतंत्र दिवस समारोह मंगलवार को यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम जयपुर में पूरे हषरेल्लास व धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल प्रभा राव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व सहायक कमान्डेंट कैलाश सिंह ने किया। परेड में आर.ए.सी. की दो, राजस्थान पुलिस, यातायात पुलिस, जी.आर.पी.अजमेर, कारागार, होमगार्ड पुरुष, होमगार्ड महिला, भूतपूर्व सैनिक, एन.सी.सी. आर्मी विंग, एयर विंग, गर्ल्स विंग, स्काउट एण्ड गाइड एवं एम.जी.डी. गर्ल्स की टुकड़ियों ने बैण्ड की मधुर स्वर लहरियों के बीच राज्यपाल को सलामी दी।
परेड खत्म होने के बाद तिरंगे के तीन रंगों वाली गणवेश पहने विभिन्न स्कूलों के 750 छात्र-छात्राओं ने हस्तमुक्त, लेझिम, रूमाल के साथ आकर्षक शारीरिक व्यायाम प्रस्तुत किया तथा कुछ छात्रों ने शरीर संचालन का अद्भुत परिचय देते हुए पिरामिड सहित अन्य कलात्मक संतुलन प्रदर्शन किया।
इसके बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बनीपार्क की 250 छात्राओं ने राजदुलारी शर्मा के निर्देशन में 'रंग रंगीली धरती म्हारो देश मारवाड़, धरती धोरां री म्हे तो नाचूं बार बार' गीत पर मनोहारी सामूहिक लोक नृत्य प्रस्तुत कर राजस्थान की रंग रंगीली संस्कृति को साकार किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में आर.ए.सी., राजस्थान पुलिस, एम.जी.डी. स्कूल एवं कारागार बंदियों के मधुर बैण्ड वादन से सवाई मानसिंह स्टेडियम का वातावरण देश भक्ति गीतों की धुनों से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का समापन राजस्थान संगीत संस्थान के छात्र-छात्रों द्वारा गाये गए राष्ट्रीय गान से हुआ।
समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उद्योग मंत्री राजेन्द्र पारीक, मुख्य सचिव टी. श्रीनिवासन, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानी, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी गणमान्य जन, स्कूली बच्चे व बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications