विवादास्पद कार्टूनिस्ट की कलाकृति ने जुटाया हैती के लिए धन
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार समाचार पत्र, पॉलिटिकन ने खबर दी है कि कुर्ट वेस्टरगार्ड की एक गैर राजनीतिक कृति को स्कैंडरबोर्ग की एक आर्ट गैलरी द्वारा ऑनलाइन आयोजित की गई नीलामी में बेचा गया है।
गैलरी ड्रौपनर के मालिक एरिक गुलडागर ने समाचार पत्र को बताया है कि इस नीलामी में खरीदारों ने इतनी रुचि दिखाई कि गैलरी का ई-मेल सर्वर ही बैठ गया, अन्यथा इससे भी ऊंची बोलियां लगाई गई होतीं।
गुलडागर के पास इस नीलामी को आयोजित करने का प्रस्ताव तब आया, जब नीलाम कर्ता लौरिट्ज डॉट कॉम ने इस सप्ताह के प्रारंभ में इस कृति की नीलामी से हाथ खड़े करते हुए कहा कि वह अपने कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस कृति की नीलामी नहीं आयोजित करेगा।
वेस्टरगार्ड (74) अपने उस विवादित कार्टून के लिए चर्चित हैं, जिसमें उन्होंने पैगम्बर मोहम्मद की पगड़ी में एक बम लगा हुआ दिखाया था। यह कार्टून सितंबर 2005 में समाचार पत्र जीलैंड्स-पोस्टन में प्रकाशित हुए 12 चित्रों में से एक था।
इस कार्टून को लेकर मुसलमानों में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी और 2006 के प्रारंभ में विश्वव्यापी हिंसक प्रदर्शन हुए थे। उसके बाद वेस्टरगार्ड पर कई बार कातिलाना हमले हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications