उप्र में राज्य कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ली
लखनऊ, 24 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राज्य कर्मचारियों और शिक्षकों की तीन दिनों से चली आ रही हड़ताल समाप्त हो गई। शनिवार देर रात आंदोलनरत कर्मचारियों और सरकार के बीच बनी सहमति के बाद हड़ताल वापस ले लिया गया।
राज्य कर्मचारी आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बराबर भत्ते की मांग कर रहे थे। यह आंदोलन उस समय और तेज हो गया जब लखनऊ के जिलाधिकारी ए.के.घोष ने शुक्रवार को एक कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया था।
उत्तर प्रदेश कर्मचारी एंव शिक्षक संयुक्त कार्य समिति के अध्यक्ष आर.ए.दूबे ने कहा ," हमने अपने आंदोलन को वापस लेने का फैसला किया है। मांगों को लेकर सरकार के शीर्ष अधिकारियों ने हमें आश्वासन दिया है।" उत्तर प्रदेश कर्मचारी एंव शिक्षक संयुक्त कार्य समिति से 18 लाख कर्मचारी जुड़े हैं।
राज्य के अतिरिक्त कैबिनेट सचिव विजय शंकर पाण्डेय और राज्य कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच लखनऊ में शनिवार देर रात तक चली बैठक के बाद आपसी सहमति बन पाई।
पाण्डेय ने संवाददाताओं को बताया, "हमने न केवल उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है बल्कि हमने आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रिहा करने और निलंबित किए गए अन्य लोगों का निलंबन खत्म करने का निर्देश दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications