हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 17 फीसदी वृद्धि
शिमला, 24 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के लिए वर्ष 2009 पर्यटकों के लिहाज से काफी अच्छा रहा। वर्ष 2008 की अपेक्षा 2009 में राज्य में आने वाले पर्यटकों की संख्या में 17 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई।
पर्यटन निदेशक अरुण शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "वर्ष 2009 में हिमाचल प्रदेश में 400,583 विदेशी पर्यटकों सहित कुल 11,437,155 पर्यटक आए।"
शर्मा ने बताया कि वर्ष 2008 में 376,736 विदेशी पर्यटकों सहित कुल 9,749,433 पर्यटक यहां पहुंचे।
उन्होंने कहा, "हिमाचल में विदेशी पर्यटकों में छह प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई। स्वाइन फ्लू और आर्थिक मंदी की वजह से वर्ष 2009 में देश में विदेशी पर्यटकों की संख्या में कमी आने के मद्देनजर यह महत्वपूर्ण है।"
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के महाप्रबंधक योगेश बहल ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में क्रिसमस और नये साल के अवसर पर निगम ने अच्छा व्यवसाय किया।
उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर देखा जाय तो पिछला साल आतिथ्य उद्योग के लिहाज से अच्छा रहा।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने वर्ष 2008 में 'होम स्टे स्कीम' सेवा की शुरूआत की थी। इस योजना के तहत पर्यटन विभाग में अपने घर का नामांकन कराने के बाद उस क्षेत्र में रहने वाला निवासी अपने घर के एक हिस्से को पर्यटकों को किराये पर दे सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications