विज्ञापन विवाद : भाजपा ने भारी चूक बताया पीएमओ ने मांगी माफी (लीड-2)
नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। महिला व बाल विकास मंत्रालय की ओर से रविवार को देश के प्रमुख अखबारों में छपे एक विज्ञापन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारी चूक करार दिया है। इस मामले के मीडिया में तूल पकड़ने के बाद सांसत में आई सरकार ने तत्काल इस मुद्दे पर देशवासियों से माफी मांग ली है।
उल्लेखनीय है कि कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ छपे इस विज्ञापन में पाकिस्तान के पूर्व वायु सेना प्रमुख का फोटो छापा गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह कोई छोटी गलती नहीं है। यह भारी चूक है। सरकार को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "यदि हमारे नेता और सरकारी अधिकारी अपने शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को नहीं पहचानते हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है। फर्ज कीजिए कि गलती से हमारे सरकारी विज्ञापन में भारतीय प्रधानमंत्री की जगह पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का फोटो छप जाता तो क्या होता।"
भाजपा एक अन्य नेता व पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कहा, "यह भयंकर भूल है। कोई मंत्रालय ऐसा कैसे कर सकता है।"
इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी कर इस मुद्दे पर माफी मांगी है। प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सरकारी विज्ञापन में एक विदेशी नागरिक के छपे फोटो को संज्ञान में लिया है। इसके लिए हम खेद व्यक्त करते हैं।"
बयान में कहा गया, "इस मामले की आंतरिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पीएमओ इस गलती के लिए देशवासियों से माफी मांगता है।"
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि मीडिया बेवजह इस मामले को तूल दे रहा है।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर महिला व बाल विकास मंत्रालय की ओर से विज्ञापन और दृश्यप्रचार निदेशालय (डीएवीपी) ने यह विज्ञापन जारी किया है। इसमें पाकिस्तान के पूर्व वायु सेना प्रमुख तनवीर अहमद का फोटो मौजूद है। वह वर्ष 2006 से 2009 तक पाकिस्तान के वायु सेना प्रमुख थे। इस विज्ञापन में कपिल देव, वीरेंद्र सहवाग और उस्ताद अमजद अली खान के फोटो भी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications