श्रीलंका में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए प्रचार समाप्त
दोनों मुख्य प्रतिद्वंद्वियों राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे और पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल सरत फोंसेका द्वारा राजधानी कोलंबो में रैलियों को संबोधित करने के साथ ही चुनाव प्रचार समाप्त हो गया।
सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर उदय नानायक्कारा ने बताया कि पुलिस ने कोलंबो के एक बौद्ध मंदिर पर छापा मारकर वहां से 56 हथगोले, दो एके-56 राइफले और गोला बारूद बरामद किया। इस सिलसिले में एब्बोट उवाथाने सुमाना नाम के एक भिक्षु को गिरफ्तार किया गया। भिक्षु को फोंसेका का समर्थक माना जाता है।
पुलिस महानिरीक्षक महिंदा बालासुरिया ने फर्जी मतदान और धांधलियों की आशंका जाहिर की है। उन्होंने बताया, "हमें पता चला है कि संगठित गुट मतदाताओं के पहचान पत्र एकत्र कर रहे हैं ताकि उनकी नकल तैयार करवाकर मतदान किया जा सके।"
एक अन्य घटना में देश के उत्तरी हिस्से में फोंसेका के खिलाफ पोस्टर ले जा रहे एक नौसेना के एक ट्रक को पकड़ा गया है।
चुनावी हिंसा से जुड़ी 850 घटनाओं में चार मौते हुई हैं, राजनीतिक पार्टियों के कार्यालयों पर हमले हुए हैं, मतदाताओं को धमकाया गया है तथा गोलीबारी की वारदाते हुई हैं।
मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए करीब 7000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। श्रीलंका में एक करोड़ 40 लाख मतदाता हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications