जाको राखे साईयाँ मार सके न कोय

हेती में आए भूकंप के दस दिनों बाद बचाव दल की टीम ने मलबे में फँसी 84 साल की महिला को जीवित बाहर निकालने में कामयाबी हासिल की है. डॉक्टरों का कहना है कि दबने के कारण महिला के शरीर पर कई घाव हैं और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है लेकिन उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है. उनका इलाज राजधानी पोर्ट ओ प्रिंस के सिटी अस्पताल में चल रहा है.
इलाज कर रही डॉक्टर अर्नेस्ट बेंजामिन का कहना है, "मैं ये तय करने की पूरी कोशिश कर रही हूँ कि इस महिला को कैसे बचाया जाए." महिला के एक बेटे ने बताया कि गुरुवार को मलबे के नीचे से उन्होंने चीख सुनी और दोस्तों की मदद से उन्हें बाहर निकाला. अमरीकी सरकार के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बचाव दल ने अब तक 122 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला है.
संयुक्त राष्ट्र राहत और बचाव दल की प्रवक्ता एलिज़ाबेथ बायर्स के मुताबिक ये चमत्कार ऐसे समय में हुआ है जब बचाव का काम ख़त्म कर राहत पर ध्यान केंद्रित करने की योजना बनाई जा रही है. सरकारी आँकड़ों के मुताबिक भूकंप में मारे गए लगभग 75 हज़ार लोगों को अभी तक दफनाया गया है. लगभग 15 लाख लोग बेघर हुए हैं.












Click it and Unblock the Notifications