उप्र में घना कोहरा, रेल और विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित
राजधानी लखनऊ सहित राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों मे सुबह से घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहनों से चलने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे पहले गुरूवार को राज्यभर में धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली थी।
घने कोहरे के साथ-साथ सर्द हवायें चलने से सर्दी कहर बदस्तूर जारी रहा। दिन में धूप खिलने की संभावना न के बराबर है। पिछले 24 घंटों के दौरान बिजनौर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा लुढककर 3.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सुल्तानपुर का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस और लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने शुक्रवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि आने वाले दिनों में कोहरे और शीतलहर से निजात नहीं मिलती दिख रही है। सर्दी का प्रकोप बना रहेगा।
प्रदेश सरकार के सख्त निर्देश हैं कि कड़ाके की सर्दी को दखते हुए सभी 71 जिलों की 312 तहसीलों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
कड़ाके की सर्दी और कोहरे के मद्देनजर कई रेलगाड़यिां रद्द की जा चुकी हैं। घने कोहरे के चलते शुक्रवार को दिल्ली-लखनऊ स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस और दिल्ली-लखनऊ गोमती एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया।
दिल्ली व देश के दूसरे क्षेत्रों से राजधानी लखनऊ की तरफ आने वाली सभी रेलगाड़ियां तीन से 12 घंटे की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा नई दिल्ली, मुंबई व अन्य शहरों से लखनऊ आने वाली उड़ाने निर्धारित समय से कुछ देरी के पहुंच रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications